अर्थसंग्रह अभियान समाज में एक अपेक्षित संदेश देगा: भगत
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी अर्थ संग्रह समिति की बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने कहा कि अर्थ संग्रह अभियान का लक्ष्य पार्टी के लिए सदभावना और सहयोग आमंत्रित करना है। इसमें पारदर्शिता हमारा सर्वोच्च सरोकार होगा। हम अपने शुभेच्छुओं, समर्थकों, कार्यकर्ताओं तक संवाद करेंगे और उनसे प्राप्त धन से चुनाव संचालन कर शुचिता की परंपरा को आगे बढ़ायेंगे। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने कहा कि धन संग्रह हमारे लिए समाज को एक संदेश देने का माध्यम है कि पार्टी सेवोन्मुख है जिसका संकल्प लोकजीवन में शुचिता लाना है। उन्होंने कहा कि जिलेवार संग्रह अभियान में जनता जिज्ञासा भी प्रकट करेगी। इसका समाधान कारक उत्तर उसे मिलना चाहिए। ऐसा होने पर समाज में एक सकारात्मक वातावरण बनेगा। बैठक में सुझाव आमंत्रित किए गए और जिलेवार टोलियों के गठन की प्रक्रिया आरंभ हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ नेता श्री कृष्णमुरारी मोघे ने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र में न्यूनतम 2500 व्यक्तियों से अभियान के तहत संपर्क किया जायेगा। स्थानीय सुविधा के अनुसार मंडल स्तर पर टोली बनायी जा सकती है। जिला स्तर पर पांच व्यक्तियों की टोली गठित कर अभियान को सफलता के शीर्ष पर पहंुचाया जायेगा। बैठक में श्री विजेन्द्रसिंह सिसौदिया ने आभार एवं प्रदेश शासन के मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने चर्चा में भाग लिया।