हर बूथ पर अनिवार्य रूप से नियुक्त हो स्थानीय पालक कार्यकर्ता - श्री अजय जामवाल


05-04-2024
Press Release

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने ली शमशाबाद विधानसभा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक
प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाएं, हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने जुट जाएं कार्यकर्ता
हर बूथ पर आयोजित हों पार्टी के स्थापना दिवस के कार्यक्रम


शमशाबाद, 05/04/2024। हम सभी को अपने-अपने बूथों पर निरंतर कार्यकता्रओं के संपर्क में रहना है एवं बूथ समितियों के साथ बैठकें करना है। प्रत्येक बूथ पर एक पालक कार्यकर्ता की नियुक्ति अनिवार्य रूप से करें, ताकि वह निरंतर अपने बूथ की जानकारी, बूथ की ग्रेडिंग, बूथ के परिवारों की जानकारी एकत्रित करता रहे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने शुक्रवार को सागर लोकसभा की शमशाबाद विधानसभा की चुनाव प्रबंधन कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए कही।  
लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शमशाबाद विधानसभा की चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक स्थानीय विधायक श्री सूर्यप्रकाश मीणा के दयानंदपुर स्थित निवास पर आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष श्री कांतदेव सिंह एवं जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह जादौन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री जामवाल ने विधानसभा की कोर कमेटी के सभी सदस्यों से चर्चा की। उन्होंने मंडल अध्यक्षों के साथ विकसित भारत संकल्प यात्रा, लाभार्थी संपर्क अभियान, गांव चलो अभियान एवं बूथ विजय संकल्प अभियान, विकसित भारत एंबेसडर एवं नमो एप डाउनलोड कार्यक्रमों की समीक्षा की।  
*प्रत्येक बूथ पर मनाया जाए पार्टी का स्थापना दिवस*
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के स्थापना दिवस पर 6 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और इन कार्यक्रमों में प्रत्येक कार्यकर्ता की भागीदारी हो। पार्टी का ध्वज प्रत्येक कार्यकर्ता के घर लगा हो, यह सुनिश्चित करें। श्री जामवाल ने कहा कि सदस्यता अभियान कार्यक्रम के तहत सभी बूथों पर नए लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण करें, यह प्रयास होना चाहिए। श्री जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने लोकसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर हमें 370 नए वोट बढ़ाने का लक्ष्य दिया है। हम सभी को हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने के लिए सक्रियता के साथ काम करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर बड़ी संख्या में नव मतदाता मौजूद हैं। हमें इनसे लगातार संपर्क कर इन्हें पार्टी से जोड़ना है। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री जामवाल ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकारों ने जो काम किए हैं, उनका प्रभाव गांव-गांव में दिखाई दे रहा है। हमें लाभार्थियों, मतदाताओं से संपर्क कर इन कामों और योजनाओं की जानकारी उन्हें देना है।  
बैठक में शमशाबाद के विधायक श्री सूर्य प्रकाश मीणा, श्री राममोहन बघेल, जिला उपाध्यक्ष श्री योगेंद्र सिंह सोलंकी, श्री नरेंद्र सिंह खीर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती संगीता यशपाल रघुवंशी, श्री मनोज साहू, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती भारती प्रदीप महेश्वरी, मंडल अध्यक्ष श्री सचिन तिवारी एवं चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

To Write Comment Please लॉगिन