किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक प्रदेश कार्यालय में संपन्न


11-08-2023
Press Release

भाजपा सरकारों के काम बताएं और झूठ फैलाने वालों को जवाब दें किसान मोर्चा कार्यकर्ता

किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से किया आह्वान

भोपाल। आजादी के बाद पहली बार भाजपा की सरकार ने सही मायनों में किसानों की चिंता की है और उनकी बेहतरी के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। ये योजनाएं ही हमारी असली ताकत हैं। हमारी सरकारों की इन योजनाओं से किसानों के जीवन और गांवों में क्या बदलाव आया है, किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे पार्टी के प्रवक्ता की तरह इन कामों और योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी, मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजकुमार चाहर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री बंशीलाल गुर्जर एवं मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री दर्शनसिंह चौधरी ने किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक के दौरान भाजपा सरकारों की योजनाओं, प्रयासों तथा उनसे किसानों के जीवन में परिवर्तन के संबंध में एक पत्रक का वितरण भी किया गया।
*कांग्रेस के झूठ का गांव-गांव में जवाब दें मोर्चा कार्यकर्ताः विष्णुदत्त शर्मा*
किसान मोर्चा प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता झूठ बोलने की मशीन हैं। मि. बंटाढार मशीन में झूठ फीड करते हैं और करप्टनाथ उसे बाहर निकालते हैं। कांग्रेसी और वामपंथी लोग योजनाबद्ध तरीके से झूठ फैलाकर वातावरण खराब करने का काम करते हैं। इसके लिए वे लोगों को पैसा देते हैं, प्रशिक्षित करते हैं और एजेंसियों की सेवाएं भी लेते हैं। चुनाव नजदीक हैं और किसान मोर्चा के कार्यकर्ता पार्टी की मशाल लेकर मैदान में हैं। ऐसे में हर कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में मोर्चा संभालना है और पार्टी के प्रवक्ता के रूप में, एक सजग प्रहरी की तरह इन झूठ फैलाने वालों को गांव-गांव में जवाब देना है।
*हमारी सरकारों की योजनाएं हमारी सबसे बड़ी ताकत*
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा की सरकारों ने ही सही मायनों में गांव, गरीब और किसानों की चिंता की है। गांव सड़कों से जुड़े नहीं थे, स्व. अटलजी की सरकार ने गांव-गांव को सड़कों से जोड़ा। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार ने बिजली की उपलब्धता के लिए कदम उठाए और आज किसानों को पर्याप्त बिजली तो मिल ही रही है, दिल्ली की मेट्रो भी मध्यप्रदेश की बिजली से चल रही है। मि. बंटाढार की सरकार के समय प्रदेश में सिर्फ 7 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी, आज 40 लाख हेक्टेयर में सिंचाई हो रही है। सूखे बुंदेलखंड में भी केन-बेतवा लिंक परियोजना के रूप में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलजी का सपना साकार होने जा रहा है, जिसके लिए हमारी केंद्र सरकार ने 44605 करोड़ रुपये का प्रावधान कर दिया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार ने किसानों के लिए किसान सम्मान निधि का प्रावधान किया। स्वामित्व योजना में किसानों को उनकी प्रापर्टी का अधिकार दिया। प्रधानमंत्री आवास दिये, गैस कनेक्शन दिए और आयुष्मान भारत योजना में पांच लाख तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार के प्रयासों और किसानों की मेहनत के बल पर आज मध्यप्रदेश गेहूं उत्पादन में पंजाब को पीछे छोड़कर देश का नंबर-1 राज्य बन गया है, लगातार 7 बार से कृषि कर्मण अवार्ड जीत रहा है। हमारी सरकार की योजनाएं और उपलब्धियां हमारी ताकत हैं। मोर्चा कार्यकर्ता इन्हें गांव-गांव तक पहुंचाएं।
*कांग्रेस ने प्रदेश को दुरावस्था में पहुंचाया*
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मि. बंटाढार आज कल पर्दे के पीछे छिपे रहते हैं, सामने नहीं आते। उन्हें डर है कि अगर उनका चेहरा दिख गया, तो लोगों को 2003 के पहले का बंटाढार युग याद आ जाएगा। उस समय न प्रदेश में सड़कें थीं, न बिजली मिल पाती थी। सिंचाई के पानी के लिए किसानों में झगड़े हुआ करते थे। बाद में जब 15 महीने के लिए कमलनाथ सरकार बनी, तो अपने झूठे वादे से किसानों को डिफाल्टर बना दिया। वल्लभभवन को दलाली का अड्डा बना दिया था। यही वजह है कि जब कमलनाथ के तत्कालीन पीए मिगलानी और ईश्वर शर्मा के यहां छापे पड़े, तो 280 करोड़ रुपये मिले थे। उस सरकार में मंत्री रहे उमंग सिंघार ने दिग्विजयसिंह को रेत माफिया, शराब माफिया और भू माफिया बताया था। एक और वरिष्ठ मंत्री डॉ. गोविंदसिंह ने कहा था कि टीआई ही लाखों की डील करते हैं, खुला भ्रष्टाचार हो रहा है और यह पैसा ऊपर तक जा रहा है। श्री शर्मा ने कहा कि मोर्चा कार्यकर्ता कांग्रेस के इन कारनामों को किसानों तक पहुंचाएं।
*सुशासन और विकास भाजपा के उद्देश्य*
श्री शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी गरीबी हटाओ की बातें ही करती रहीं, लेकिन भ्रष्टाचार इतना था कि गरीबी नहीं मिटी। कांग्रेस के ही पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने कहा था कि हम यहां से 1 रुपया भेजते हैं, तो गरीब तक सिर्फ 15 पैसे पहुंचता है। बाकी दलालों और बिचौलियों की भेंट चढ़ जाता है। ये दलाल और बिचौलिए कांग्रेस के ही लोग थे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने देश को बताया कि सुशासन क्या होता है। मोदी जी की सरकार ने जन-धन खाते खोले और आज केंद्र सरकार का भेजा गया पूरा एक रुपया किसानों और अन्य हितग्राहियों के खातों में पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जब कमलनाथ सरकार ने अपने झूठ से किसानों को डिफाल्टर बना दिया था, तब भाजपा की शिवराज सरकार ने ही 2200 करोड़ रुपये खर्च कर नॉन डिफाल्टर बनाया, ताकि वे नया कर्ज ले सकें। प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार ने जब 6 हजार रुपये किसान सम्मान निधि देना चालू किया, तो मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने भी प्रदेश के किसानों को अपनी ओर से पहले 4 हजार और फिर 6 रुपया सम्मान निधि के तौर पर देना शुरू कर दिया। प्रदेश में हाल ही में लागू की गई लाड़ली बहना योजना तो बहनों के साथ-साथ समाज के सशक्तीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होने जा रही है।  
*किसान मोर्चा की भूमिका महत्वपूर्ण*
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में पार्टी को खड़ा करने और उसे देश की नंबर-1 पार्टी बनाने में स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जैसे नेताओं तथा पार्टी संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पार्टी की ताकत उसके सभी मोर्चे हैं। इनमें भी किसान मोर्चा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि 72 प्रतिशत आबादी गांवों में रहती है और अर्थव्यवस्था में 62 प्रतिशत योगदान किसानों का है। पार्टी के अधिकांश बूथ अध्यक्ष किसान हैं। ऐसे में 2023 तथा 2024 के चुनावों में भी किसान मोर्चा की भूमिका अहम होने वाली है। इसलिए मोर्चा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर प्लान बनाकर काम करें और नव मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने का काम करें। श्री शर्मा ने बैठक में उपस्थित प्रतिभागियों को विधानसभा और लोकसभा के आने वाले चुनावों में पार्टी को बहुमत से जिताने का संकल्प दिलाया।
*नमो शिव किसान चौपाल के माध्यम से प्रत्येक हितग्राही तक पहुंचे मोर्चाः हितानंद जी*
प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि किसान मोर्चा का काम फ्रंट पर लड़ना होता है। किसान मोर्चा विरोधियों द्वारा किसानों के बीच में फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करते हुए भाजपा सरकार द्वारा किसान हित में किये गये काम और निर्णयों से उन्हें अवगत कराएँ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय किसान साहूकारों के कर्ज में दबा रहता था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गांव, गरीब, किसान की चिंता की। किसान क्रेडिट कार्ड की योजना भाजपा सरकार ने लागू की है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किसान सम्मान निधि लाकर सीमांत किसानों को संजीवनी देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जमींन पर कहीं नहीं है, सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने का काम कर रही है। किसान मोर्चा खेत, चौपाल के साथ ही सोशल मीडिया पर भी कांग्रेस को बेनकाब करें। श्री हितानंद जी ने चुनाव की दृष्टि से किसान मोर्चा द्वारा तय किये गये कार्यक्रमों को पूरी ताकत के साथ नीचे तक ले जाने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा की हर गांव में इकाई है और मोर्चा कार्यकर्ता नमो शिव किसान चौपाल के माध्यम से प्रत्येक हितग्राही तक पहुंचें।
*चुनाव को युद्ध की तरह लें और अपने मनोबल से जीत हासिल करेंः राजकुमार चाहर*
बैठक को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजकुमार चाहर ने कहा कि मनोबल से चुनाव और युद्ध को जीता जाता है। मध्यप्रदेश में इस वर्ष चुनाव है और हमें इसे युद्ध की भांति समझते हुए अपने मनोबल से जीत हासिल करना है तथा पूर्ण बहुमत से अपनी सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने लक्ष्य दिया है 2047  तक भारत को विश्व गुरु बनाना है। मोदी जी हमेशा कहते है राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और व्यक्ति अंतिम है। भाजपा के अलावा कोई भी दल अपनी विचारधारा के साथ नहीं जुडा है। भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी पार्टी है। बाकी सभी दल परिवारवादी हैं और भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। जो विपक्षी दल कभी एक न हुए,  वो आज भाजपा और मोदी जी के सामने एक होने का दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम जो भी काम कार्यकर्ता के रूप में कर रहे है उन सभी कार्यो को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर डालें। सोशल मीडिया के माध्यम से हम सभी प्रदेश पदाधिकारियों को फॉलो और शेयर करें। हर नकारात्मकता से ऊपर आकर हमें पूरे मन और पूरे मनोयोग से चुनाव प्रबंधन का काम करना है।
*मुद्दों की जानकारी रखें, किसानों तक अपनी बात पहुंचाएं कार्यकर्ताः बंशीलाल गुर्जर*
बैठक को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि किसान मोर्चा के प्रत्येक कार्यकर्ता को कृषि और किसानों से संबंधित मुद्दों की जानकारी विकसित करनी चाहिए, इसी से उनकी तरक्की का रास्ता निकलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार के पूर्व देश की जीडीपी में कृषि का योगदान 13.75 प्रतिशत था। जबकि मुगलों के पूर्व हमारी अर्थव्यवस्था कृषि आधारित थी और देश की जीडीपी में कृषि का योगदान 60 प्रतिशत था। मुगलों के बाद अंग्रेज आए और फिर कांग्रेस का लंबा शासन। इन सभी ने कृषि और किसानों का इस कदर शोषण किया कि जीडीपी में कृषि का योगदान घटकर 13.75 प्रतिशत तक पहुंच गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने के लिए किए गए प्रयासों से अब यह बढ़कर 21.5 प्रतिशत पर आ गया है। श्री गुर्जर ने कहा कि मोर्चा कार्यकर्ता ऐसे मुद्दों की जानकारी रखें और जब कांग्रेस हमारी सरकारों को बदनाम करने का प्रयास करे, तो उसे तर्कों के आधार पर जवाब दें। उन्होंने कहा कि देश में आज जो अनुकूलता है, वह भाजपा के कारण है और देश के जीडीपी में कृषि के योगदान को वापस 60 प्रतिशत तक पहुंचाने का काम सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। हम यह बात हर किसान को समझाना होगी।
*झोपड़ी-झोपड़ी तक जाएंगे, खोपड़ी-खोपड़ी तक अपनी बात पहुंचाएंगेः दर्शनसिंह चौधरी*
बैठक को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री दर्शनसिंह चौधरी ने कहा कि पार्टी की ओर से किसान मोर्चा को जो भी लक्ष्य दिए गए थे, उन्हें हम सभी कार्यकर्ताओं ने अपनी 100 प्रतिशत ऊर्जा लगाकर पूरा किया है। आने वाले समय में भी हम गांव-गांव में चौपाल करेंगे तथा हर केवीके में संगोष्ठी आयोजित करेंगे। श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारा देश, मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में हमारा प्रदेश और प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में हमारा पार्टी संगठन लगातार सुदृढ़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी सरकार के कामों और योजनाओं को लेकर हम झोपड़ी-झोपड़ी तक जाएंगे तथा खोपड़ी-खोपड़ी तक उन्हें पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने कहाकि मोर्चा के कार्यकर्ता आगामी चुनावों में 51 प्रतिशत वोट शेयर और पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए संकल्पित हैं।
मंच का संचालन श्री पुरूषोत्तम शर्मा एवं आभार श्री प्रयागसिंह रघुवंशी ने माना। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व पूर्व विधायक श्रीमती ममता मीणा, श्री दयाराम धाकड, प्रदेश महामंत्री श्री दिलीप पटोदिया, श्री भगवान सिंह मीणा, श्री राजेन्द्र गुर्जर, श्री पदमसिंह ठाकुर, श्री रवि रावलिया, श्री भरत दात्रे, श्री राजेश पाटीदार, श्री संजय सक्सेना, श्री हरिराम शाह सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष उपस्थित थे।

To Write Comment Please लॉगिन