करप्टनाथ बताएं, शिवराज सरकार की जनहितैषी योजनाओं को बंद क्यों किया था? - विष्णुदत्त शर्मा


07-08-2023
Press Release

भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन को प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री ने किया संबोधित

भोपाल। 2003 के पहले प्रदेश में मि. बंटाढार के नेतृत्व वाली कांग्रेस की सरकार थी। प्रदेश में सड़क, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं का अभाव था और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। उस सरकार ने प्रदेश को लूट-लूटकर बीमारू राज्य बना दिया था। लेकिन मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार ने प्रदेश को विकसित राज्यों की कतार में पहुंचाया। 2018 में गलती से कांग्रेस की सरकार बन गई थी और उद्योगपति कमलनाथ मुख्यमंत्री बने। लेकिन उस सरकार ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया और गरीब कल्याण की योजनाओं को बंद कर हर गरीब का हक छीनने का काम किया। बहनों की कन्यादान योजना,  बेटियों की लाडली लक्ष्मी योजना, बुजुर्गों की तीर्थदर्शन योजना को उस सरकार ने बंद कर दी थी। प्रसव के दौरान बहनों को दिये जाने वाले 16000 रूपए भी छीन लिए। 1 लाख 28 हजार प्रधानमंत्री आवास वापस कर उस सरकार ने गरीबों के सर से छत छीनने का काम किया। आपको करप्टनाथ से यह पूछना चाहिए कि उनकी सरकार ने जन हितैषी योजनाओं को क्यों बंद किया था? यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन को पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद शर्मा एवं जिलाध्यक्ष श्री सुमित पचौरी ने भी संबोधित किया।
हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट हासिल करने का संकल्प लें
भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मध्यप्रदेश में विकास के नए आयाम खड़े किए हैं। सड़क,  बिजली,  पानी,  स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हुए हैं। आगामी चुनाव तो हम इनके आधार पर जीतेंगे ही, लेकिन हमें हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट हासिल करके इतिहास बनाने का संकल्प लेना है। इसके लिए बूथ के प्रत्येक कार्यकर्ता को और अधिक सजग होना पड़ेगा, अपने बूथ पर पूरी दृढ़ता के साथ खड़े होना पड़ेगा। पन्ना प्रमुख और पन्ना समिति के कार्यकर्ताओं को घर घर जाकर यह बताना पड़ेगा कि देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में क्या-क्या काम किए गए हैं।
बूथ के कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बूथ कार्यकर्ताओं की ताकत को जब देखते हैं तो मन प्रसन्न हो जाता है। गर्व होता है कि बूथ-बूथ के यही कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है और पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही उसके प्रवक्ता और सजग प्रहरी हैं। भारतीय जनता पार्टी और उसके विचार को लेकर जनता में जो भ्रम फैलाया जा रहा है, दुष्प्रचार किया जा रहा है, उसको जवाब देने का काम पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की ही जिम्मेदारी है।
देश को दुरावस्था के दौर में ले गई थी कांग्रेस
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि 2014 के पहले देश में कांग्रेस की सरकारें हुआ करती थीं और देश के हालात खराब थे। कांग्रेस ने देश को दुरावस्था की स्थिति में पहुंचा दिया था। कांग्रेस के प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी कहते थे कि हम गरीब को दिल्ली से 1 रूपए देते हैं, लेकिन 85 पैसा भ्रष्टाचार में चला जाता है  और 15 पैसे ही गरीब तक पहुंचते हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता ही दलाल और बिचौलियों का काम किया करते थे इसलिए 85 पैसा भ्रष्टाचार में चला जाता था। 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी और प्रधानमंत्री जी ने यह तय किया कि प्रत्येक गरीब का जनधन खाता खुलेगा। इसी का परिणाम है कि आज दिल्ली से 1 रूपए गरीब को भेजा जाता है, तो पूरा एक रुपया उसके खाते में पहुंचता है।  
गरीबों को समर्पित हैं भाजपा की सरकारें
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार ने हर वर्ग के लिए योजनाएं शुरू की हैं। हाल ही में प्रदेश में बहनों के लिए लाडली बहना योजना चलाई गई है जिसके अंतर्गत 1 हजार रूपए बहनों के खाते में प्रतिमाह डाले जाते हैं। अगली किस्त 10 अगस्त को डाली जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने आज देश के हर गरीब को संबल और ताकत देने का काम किया है और इसके लिए राजनीतिक व्यवस्था को ही बदल दिया है। झोपड़ी में रहने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने जो विचार दिया, उस पर चलते हुए भाजपा आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। प्रधानमंत्री जी ने संकल्प लिया कि कोई भी गरीब अब झोपड़ी में नहीं रहेगा और भाजपा की सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से देश के साढ़े 4 करोड़ गरीबों को पक्के आवास दे दिए। प्रधानमंत्री जी ने तय किया कि धन के अभाव में कोई भी गरीब बीमारी से नहीं मरेगा और आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत की। यह गरीबों के जीवन को बचाने का अभियान है। श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारें गरीबों को समर्पित हैं, जिन्होंने गरीबों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी के नेतृत्व में चलाई जा रही गरीब कल्याण की योजनाओं को पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को हर बूथ पर बताने की आवश्यकता है, क्योंकि प्रत्येक परिवार में कोई ना कोई सदस्य गरीब कल्याण की योजनाओं से लाभान्वित हो रहा है।
कांग्रेस के दोहरे और दोगले चरित्र को दिखा रहे कमलनाथ
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि अब कांग्रेस के नेता ही कांग्रेस के मूल चरित्र के बारे में बातें करने लगे हैं और कांग्रेस के दोहरे तथा दोगले चरित्र के मुद्दे को उठा रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि कथा का आयोजन होने या कराने में कुछ भी गलत नहीं है, कोई भी करा सकता है, लेकिन इसे लेकर कांग्रेस के अंदर जो अंतर्द्वंद चल रहा है, कमलनाथ को उसका जवाब देना चाहिए। आचार्य प्रमोद जो कह रहे हैं, उस पर कमलनाथ को जवाब देना चाहिए। श्री शर्मा ने कहा कि कमलनाथ और दिग्विजयसिंह जैसे नेता लगातार हिंदू धर्म पर आक्रमण करते आए हैं। लेकिन चुनाव नजदीक आते ही इन चुनावी हिंदुओं ने अपना दोहरा चरित्र दिखाना शुरू कर दिया है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस और उसके नेताओं के दोहरे चरित्र को पहचान गई है और जनता ने कांग्रेस को जवाब देना भी शुरू कर दिया है।
भाजपा दे रही अनुसूचित जनजाति समाज को सम्मान, उमंग सिंघार को यही है पीड़ा
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि उमंग सिंघार के मन की पीड़ा यह है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति समाज को सम्मान दे रही है। देश की आजादी के 75 वर्ष बाद भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार राष्ट्रपति पद पर अनुसूचित जनजाति समाज की बहन द्रौपदी मुर्मू को बिठाया है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बहन को पहुंचाकर भाजपा ने जनजातीय समाज के भाई-बहनों को सम्मान दिया है।  दूसरी तरफ कांग्रेस आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक समझती है, लगातार झूठ बोलकर उनके साथ छल करती है। यही उमंग सिंघार के मन की पीड़ा है।
51 प्रतिशत वोट शेयर के लक्ष्य के लिए तैयार होकर जुट जाएं कार्यकर्ताः हितानंद जी
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि पन्ना प्रमुख और पार्टी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर केन्द्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार करें। उन्होंने कहा कि ’अबकी बार भाजपा सरकार’ के नारे को सार्थक करते हुए कार्यकर्ता 2023 और 2024 के चुनावों के लिए तैयार हो जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने के लक्ष्य को लेकर तैयार हो जाए। दीवार लेखन और स्टीकर लगाकर केंद्र व राज्य सरकारों की योजनाओं का प्रचार प्रसार करें। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने खूब जन कल्याणकारी काम किए हैं और विकास भी किया है। लेकिन अब विधानसभा चुनाव आ रहे हैं और एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनाने के लिए आप कार्यकर्ताओं को जुटना पड़ेगा। सभी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक जाकर सरकार की योजनाओं का ठीक ढंग से प्रचार-प्रसार करना होगा और जनता से सीधे बात करना पड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश और प्रदेश की जनता को ठगने का काम किया है। कार्यकर्ताओं  को कांग्रेस की 15 महीने वाली सरकार के काले कारनामों को जनता के बीच उजागर करना होगा।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता, मध्य प्रदेश रोजगार बोर्ड के अध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा, मध्यप्रदेश माझी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री रामदयाल प्रजापति, नगर निगम के सभापति श्री किशन सूर्यवंशी, पार्टी के उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, शंकर मकोरिया सहित पदाधिकारी, कार्यकर्ता व बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे।

To Write Comment Please लॉगिन